जनसुनवाई में गूंजे जमीन, अतिक्रमण और सड़क से जुड़े मुद्दे, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कृषि भूमि पर कब्जा, फुटपाथ पर अवैध निर्माण, स्कूटी योजना और प्रायोगिक परीक्षा से जुड़े आवेदनों पर अधिकारियों को समयबद्ध जांच व निराकरण के निर्देश

उज्जैन। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्रशासनिक संकुल भवन में आयोजित इस जनसुनवाई में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने एक-एक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान घट्टिया तहसील के ग्राम जयरामपुरा निवासी राजलबाई ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तहसीलदार को मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी तरह उज्जैन निवासी संदीप श्रीवास्तव ने शिकायत की कि पड़ोसी द्वारा फुटपाथ पर अवैध दीवार बना दी गई है। इससे बरसात के दौरान जलभराव, कीचड़ और यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है। कलेक्टर ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बड़नगर तहसील के ग्राम नरसिंगा निवासी आयुष सुकवाया ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रायोगिक परीक्षा के संचालन में कथित अनियमितताओं तथा शासन की स्कूटी योजना से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। इस पर संबंधित विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में भूमि सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अवैध कब्जा हटाने, रास्तों से अतिक्रमण हटाने, नालियों की सफाई सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कूमट, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने भी नागरिकों की शिकायतें सुनकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।



