पुरानी रंजिश में दो भाइयों की हत्या, मुख्य आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

जूना अखाड़ा चौराहे पर फायरिंग, चाकूबाजी और हिंसक हमले में दो युवकों की मौत, मुख्य आरोपी नरेश पासी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

उज्जैन, 19 जुलाई। नीलगंगा थाना क्षेत्र के जूना अखाड़ा चौराहे पर शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश हिंसक संघर्ष में बदल गई। विवाद के दौरान चाकूबाजी, फायरिंग, लाठी-डंडों और पथराव की घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान लोकेश गोरकर और जय गोरकर के रूप में हुई है। लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जय ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना में भाजपा नेता दिलीप राव गोरकर (दिल्लू पहलवान) के पुत्र तपन गोरकर सहित अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच होली के दौरान एक महिला से जुड़े विवाद के बाद से रंजिश चली आ रही थी। शनिवार रात दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आए, जहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और पत्थरों का इस्तेमाल किया गया तथा फायरिंग भी हुई।

 

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेश पासी को रविवार सुबह लालपुर क्षेत्र के पास पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार भागने की कोशिश के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्य आरोपी नरेश पासी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button