उज्जैन में बारिश का कहर: पंचायत सहायक सचिव उफनते नाले में बहे, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

इंगोरिया में सहायक सचिव की तलाश जारी, जगोटी में युवक ने झाड़ियों का सहारा लेकर बचाई अपनी जान

गुरुवार शाम हुई मूसलाधार बारिश ने उज्जैन जिले में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई नदी-नाले उफान पर आ गए, जिससे अलग-अलग स्थानों पर दो गंभीर हादसे सामने आए। इंगोरिया थाना क्षेत्र में एक ग्राम पंचायत के सहायक सचिव उफनते नाले में बाइक सहित बह गए, जबकि जगोटी क्षेत्र में एक युवक भी तेज बहाव में बहा, लेकिन उसने साहस और सूझबूझ से अपनी जान बचा ली।

इंगोरिया थाना क्षेत्र के गांवड़ी लोधा में ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सूर्यप्रताप सिंह सोनगरा गुरुवार रात करीब आठ बजे सिजावदा की ओर जा रहे थे। रास्ते में तेज बारिश के कारण नाला उफान पर था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने नाले को पार करने का प्रयास किया, लेकिन तेज जलधारा के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक सहित बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही इंगोरिया पुलिस मौके पर पहुंची और बड़नगर से एसडीआरएफ/एडीआरएफ की टीम को बुलाकर रातभर खोज एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बही हुई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सूर्यप्रताप सिंह का कोई पता नहीं चल सका। कीचड़, तेज बहाव और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल लगातार सर्चिंग में जुटा हुआ है।

थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि नाले का जलस्तर अत्यधिक होने के बावजूद उसे पार करने का प्रयास हादसे का कारण बना। फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम संयुक्त रूप से तलाश अभियान चला रही है।

इधर जगोटी-खेड़ा खजूरिया मार्ग स्थित झारड़ा खाल की रपट पर भी एक युवक तेज बहाव में बह गया। जानकारी के अनुसार जगोटी निवासी केशू आंजना खेत से घर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें पुलिया पार नहीं करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने बाइक के साथ पानी में उतरने का प्रयास किया। तेज बहाव में वे बाइक सहित बह गए। हालांकि तैरना आने के कारण उन्होंने पास की झाड़ियों का सहारा लिया और सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की है कि जलभराव या उफनते नालों एवं पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button