पं. ओम व्यास ‘ओम’ की स्मृति में सजा कवि सम्मेलन, प्रदीप नवीन और जुझार सिंह भाटी सम्मानित

15वीं पुण्यतिथि पर ओम हास्याय नमः संस्था का आयोजन, झालमुड़ी और धुरंधर व्यंग्य सम्मान से नवाजे गए रचनाकार।

उज्जैन। हास्य और व्यंग्य साहित्य के प्रतिष्ठित हस्ताक्षर पंडित ओम व्यास ‘ओम’ की 15वीं पुण्यतिथि पर शहर में आयोजित साहित्यिक समारोह में कवियों और साहित्य प्रेमियों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। ओम हास्याय नमः संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मान समारोह के साथ भव्य कवि सम्मेलन भी हुआ, जिसमें हास्य और व्यंग्य की रचनाओं ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।

समारोह में इंदौर के हास्य कवि प्रदीप नवीन को ‘झालमुड़ी सम्मान’ तथा रतलाम के व्यंग्यकार जुझार सिंह भाटी को ‘धुरंधर व्यंग्य सम्मान’ से अलंकृत किया गया। दोनों रचनाकारों का स्वागत पारंपरिक शॉल, श्रीफल, पगड़ी, दुपट्टा, स्मृति चिह्न और विशेष रूप से झालमुड़ी नमकीन की माला पहनाकर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर मुकेश टटवाल रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार हरिराम वाजपेई ने की, जबकि विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कवि सम्मेलन में प्रदीप नवीन, जुझार सिंह भाटी, राजेंद्र सिंह सोलंकी, शशांक दुबे, मालवी कवयित्री संगीता तल्लेरा और कमल पटेल ने अपनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम के सूत्रधार स्वामी मुस्कुराके ने कहा कि जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी मुस्कुराना ही सबसे बड़ी ताकत है। मंच संचालन सुरेंद्र सर्किट ने किया। वहीं दिनेश विजयवर्गीय ने फुरसतिया उद्बोधन और अशोक भाटी ने विशेष शैली में झालमुड़ी भाषण प्रस्तुत किया। अंत में दिनेश दिग्गज ने आभार व्यक्त किया तथा उपस्थित सभी लोगों को झालमुड़ी प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. विक्रम विवेक, रिटायर्ड डीएसपी प्रेम सिंह ठाकुर, डॉ. रवि ठक्कर, मुकेश जोशी, अनिल बारोड़, लव मेहता, सुगनचंद जैन, गुड्डन खान सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button