सीएम हेल्पलाइन की अनदेखी पर सख्त हुए कलेक्टर, लापरवाह अधिकारियों को नोटिस के निर्देश
14 जुलाई से 31 अगस्त तक जिले में चलेगा ‘दस्तक अभियान’, समयबद्ध शिकायत निराकरण और पौधारोपण लक्ष्य पूरे करने पर जोर

उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने समय-सीमा वाले प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक समाधान करने और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों, विभिन्न निर्माण कार्यों, जनसुरक्षा व्यवस्थाओं, सीएम हेल्पलाइन, किसान कल्याण वर्ष-2026 और अन्य प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी समयावधि पत्र अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए तथा सभी विभाग नियमित रूप से इसकी समीक्षा करें।

सीएम हेल्पलाइन की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिक न होकर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को अटेंड नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कामधेनु योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी
बैठक के दौरान कामधेनु योजना की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने एलडीएम और डीडी वेटेनरी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं संबल योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने और किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की हुई समीक्षा
कलेक्टर ने पौधारोपण अभियान की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोपित पौधों की जानकारी वायुदूत पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
14 जुलाई से शुरू होगा ‘दस्तक अभियान’
बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक पूरे जिले में ‘दस्तक अभियान’ संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों में डायरिया, कुपोषण और अन्य गंभीर बीमारियों की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर ने आशा, एएनएम और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच करने के निर्देश दिए।
घटना की सूचना देने में न हो देरी
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देशित किया कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित विभागों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान और विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कुमट, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



