महाकाल की शाही सवारी मार्ग के कार्य 15 अगस्त तक पूरे हों: निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश
रात्रि निरीक्षण कर चौड़ीकरण और सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता, सुरक्षा और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश

उज्जैन। बाबा महाकाल की शाही सवारी को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने निर्माण कार्यों की गति तेज कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुरूप निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बुधवार देर रात कंठाल चौराहा से छत्री चौक और छत्री चौक से कमरी मार्ग तक चल रहे चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महाकाल की शाही सवारी के प्रमुख मार्ग पर सभी निर्माण कार्य 15 अगस्त तक हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दिन और रात दोनों शिफ्टों में कार्य तेजी से कराया जाए।
आयुक्त ने छत्री चौक से कमरी मार्ग तक बन रही पीक्यूसी (PQC) सड़क का भी निरीक्षण किया। साथ ही कमरी मार्ग चौराहे की समुचित योजना बनाकर सड़क निर्माण को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को प्रीकास्ट नालियों का निर्माण, नालियों को कवर करने, पेयजल पाइपलाइन शिफ्टिंग, नाली कनेक्शन, विद्युत पोल स्थानांतरण, चौड़ीकरण में बाधक छज्जों के निराकरण, मंदिरों के आवश्यक विस्थापन, डीएलसी एवं पीक्यूसी सड़क निर्माण तथा कंठाल चौराहा, छत्री चौक और कमरी मार्ग चौराहे पर कोबल सहित अन्य विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। स्थानीय नागरिकों के सहयोग और विभिन्न विभागों के समन्वय से सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त संतोष टैगोर, पवन कुमार सिंह, एसडीएम लक्ष्मी नारायण गर्ग, कार्यपालन यंत्री हिमांशु तिवारी, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, उपयंत्री राजेंद्र रावत, स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास सहित संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं कंसल्टेंट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



