उज्जैन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, नमकीन, मिठाई और ब्रेड के नमूने जांच के लिए भेजे

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देश पर छोटा सराफा और तोपखाना रोड स्थित प्रतिष्ठानों पर जांच, भोपाल लैब की रिपोर्ट के बाद होगी कार्यवाही

उज्जैन, 18 जुलाई। शहर में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देश पर विभाग की टीम लगातार बाजारों में निगरानी कर रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

शनिवार को प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छोटा सराफा स्थित विकास नमकीन एंड स्वीट्स तथा तोपखाना रोड स्थित अमन बेकरी का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान विकास नमकीन एंड स्वीट्स से मूंगफली दाना चकती और आम पाक बर्फी, जबकि अमन बेकरी से रोस्टेड ब्रेड के नमूने लिए गए।

संग्रहित सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया गया है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता या मिलावट को लेकर संदेह हो तो उसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button