17 सितंबर को 25 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाएगा उज्जैन, शिप्रा घाटों से महाकाल महालोक तक होगा भव्य दीपोत्सव

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट का किया निरीक्षण, दीप प्रज्वलन की तैयारियों का लिया जायजा

उज्जैन, 16 सितंबर। उज्जैन में 17 सितंबर की शाम होने वाला भव्य दीपोत्सव अब अंतिम तैयारियों में पहुंच गया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत शाम 7 बजे शिप्रा नदी के प्रमुख घाटों से लेकर श्री महाकाल महालोक कॉरिडोर तक 25 लाख से अधिक दीप एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और नगर निगम की टीमें व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

बुधवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रकाश व्यवस्था, मंच, दीप सज्जा और अन्य जरूरी इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन भी मौजूद रहीं।

 

रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर तैयार होंगे मंच

कलेक्टर ने रामघाट के पास राणोजी की छतरी के नीचे बनाए जा रहे अतिथियों के मंच का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच और आसपास की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इसके साथ ही राणोजी की छतरी के सामने दत्त अखाड़ा घाट क्षेत्र में भी अतिथियों के लिए मंच तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रामघाट के आसपास मौजूद बड़े भवनों पर भी दीप सजाने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि दीपोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र रोशनी से आकर्षक नजर आए। शिप्रा के विभिन्न घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

दीप प्रज्वलन की प्रक्रिया का किया गया ट्रायल

आयोजन को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए दत्त अखाड़ा घाट पर बुधवार को दीप प्रज्वलन का पूर्वाभ्यास किया गया। इसमें अधिकारी, सेक्टर एवं सब-सेक्टर अधिकारी, सुपरवाइजर और वॉलिंटियर्स शामिल हुए।

पूर्वाभ्यास में दीपों के ब्लॉक में तेल भरने, कपूर और बत्ती लगाने तथा निर्धारित समय के अनुसार दीप जलाने की पूरी प्रक्रिया को दोहराया गया। वॉलिंटियर्स को उनकी जिम्मेदारियों, आपसी समन्वय और समय प्रबंधन के संबंध में भी निर्देश दिए गए।

इस दौरान स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन, अपर आयुक्त संतोष टेगौर, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, उप मेला अधिकारी संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इन घाटों पर नजर आएगी दीपों की रोशनी

17 सितंबर के दीपोत्सव में शिप्रा नदी के कई घाटों और महाकाल महालोक क्षेत्र में एक साथ दीप जलाए जाएंगे। प्रस्तावित प्रमुख क्षेत्र इस प्रकार हैं—

  • केदारेश्वर घाट से दत्त अखाड़ा होते हुए गुरु नानक घाट तक
  • सुनहरी घाट से रामघाट होते हुए नरसिंह घाट ब्रिज तक
  • नरसिंह घाट ब्रिज से कर्कराज मंदिर तक
  • माली कैफे से भूखी माता तक
  • भूखी माता से लालपुल तक
  • लालपुल से गऊघाट तक
  • कर्कराज मंदिर से लालपुल तक
  • श्री महाकाल महालोक कॉरिडोर क्षेत्र

11 हजार से ज्यादा दीप ब्लॉक, 25 हजार वॉलिंटियर्स संभालेंगे जिम्मेदारी

दीपोत्सव के लिए शिप्रा घाटों और महाकाल महालोक क्षेत्र में करीब 11 हजार दीप ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक में 225 दीप लगाए जाएंगे। दीप प्रज्वलन की प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए हर ब्लॉक पर दो वॉलिंटियर्स की तैनाती की जा रही है।

इस तरह करीब 25 हजार वॉलिंटियर्स जनभागीदारी के माध्यम से इस आयोजन में सहयोग करेंगे। 17 सितंबर की शाम शिप्रा तट और महाकाल महालोक क्षेत्र में एक साथ जलने वाले लाखों दीप उज्जैन के दीपोत्सव को भव्य स्वरूप देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button