उज्जैन में दूध के दाम बढ़े, अब 66 रुपए लीटर मिलेगा; 3 अक्टूबर से नई दरें लागू
दूध विक्रेता संघ ने 4 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए भाव, पशुपालकों से 9.70 रुपए प्रति फैट की दर से होगी खरीदी

उज्जैन। शहर में शनिवार, 3 अक्टूबर से दूध महंगा मिलने लगेगा। उज्जैन दूध विक्रेता संघ ने दूध की नई दरें तय करते हुए प्रति लीटर कीमत में 4 रुपए की बढ़ोतरी की है। इसके बाद उपभोक्ताओं को अब दूध 66 रुपए प्रति लीटर के भाव से मिलेगा।
दूध विक्रेता संघ की बैठक में लिया निर्णय
दूध की नई दरों को लेकर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को उज्जैन दूध विक्रेता संघ की बैठक आयोजित की गई। इसमें बाजार की मौजूदा परिस्थितियों और दूध के उत्पादन से जुड़ी लागत पर चर्चा के बाद खरीदी और बिक्री के नए भाव निर्धारित किए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि किसानों और पशुपालकों से दूध की खरीदी 9.70 रुपए प्रति फैट की दर से की जाएगी। वहीं, उपभोक्ताओं के लिए दूध का विक्रय मूल्य 66 रुपए प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। नई दरें 3 अक्टूबर से प्रभावी होंगी।
लागत बढ़ने को बताया कीमत में बढ़ोतरी का कारण
दूध विक्रेता संघ के अनुसार, कम बारिश के कारण चारे की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसके अलावा पशु आहार, खली, डीजल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से दूध उत्पादन और वितरण की लागत बढ़ी है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए दूध के भाव में वृद्धि का निर्णय लिया गया है।
नई दरें लागू होने के बाद उज्जैन के उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की जरूरत के लिए दूध खरीदने पर पहले की तुलना में अधिक खर्च करना होगा।



