महाकाल की पहली सवारी से पहले तैयारियां तेज, कलेक्टर ने सवारी मार्ग का किया रात्रि निरीक्षण

3 अगस्त को निकलने वाली पहली सवारी से पहले निर्माण कार्य, सड़क चौड़ीकरण, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरे करने के अधिकारियों को दिए निर्देश।

उज्जैन। श्रावण-भाद्रपद मास में निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की पारंपरिक सवारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार रात संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संपूर्ण सवारी मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कुमट, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पूरे सवारी मार्ग का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने महाकाल मंदिर के शहनाई द्वार से महाकाल घाटी, गुजरी चौराहा, रामघाट, कहारवाड़ी, कार्तिक चौक, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और पुनः महाकाल मंदिर तक पूरे सवारी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।

20 जुलाई तक सड़क चौड़ीकरण पूरा करने के निर्देश

हरसिद्धि की पाल से रामघाट तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्याप्त संसाधनों के साथ प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाए और 20 जुलाई तक कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया।

जर्जर भवनों पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने सवारी मार्ग पर मौजूद जर्जर एवं असुरक्षित भवनों को चिन्हित कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम और अन्य विभागों को साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के लिए कहा, ताकि पहली सवारी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन का लक्ष्य है कि 3 अगस्त को निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की पहली सवारी पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button