हरिफाटक समानांतर ब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, संभाग आयुक्त ने किया निरीक्षण

संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने निर्माण स्थल का किया निरीक्षण, सिंहस्थ-2028 और यातायात व्यवस्था को देखते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे आधारभूत विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को संभाग आयुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने हरिफाटक ओवरब्रिज के समीप निर्माणाधीन समानांतर ब्रिज का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में बाधा बनने वाली सभी संरचनाओं को शीघ्र हटाकर परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

आशीष सिंह ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व और शहर में लगातार बढ़ते यातायात को देखते हुए हरिफाटक समानांतर ब्रिज एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने से श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही अधिक सुगम होगी, साथ ही ट्रैफिक दबाव कम करने में भी सहायता मिलेगी।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की गति बढ़ाई जाए तथा सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना तय समय पर पूरी हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी अमला भी मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button