उज्जैन: सोना-चांदी के दाम बढ़े, पुलिस ने मंदिरों में सुरक्षा सख्त की
कीमती धातुओं के भाव में उछाल के बीच उज्जैन पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ाया

उज्जैन, नप्र। सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंचने के बाद उज्जैन पुलिस ने शहर के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक जगहों पर सुरक्षा कड़े कर दी है। बढ़ते भाव के कारण अब इन धार्मिक स्थलों पर चोरी का खतरा महसूस किया जा रहा है, इसलिए पुलिस ने सीसीटीवी निगरानी, गार्ड तैनाती और सुरक्षा बैठकें आयोजित की हैं।
सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों ने मंदिरों के सिंहासन, छत्र और आभूषणों को चोरी के जोखिम में डाल दिया है। पिछले दिनों नजरपुर क्षेत्र के प्राचीन माता मंदिर में चोरी की घटना ने भी इस चिंता को मजबूत किया था। पुलिस ने महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के नेतृत्व में भूखी माता, साकेत धाम, कांच के जैन मंदिर जैसे कई मंदिरों का निरीक्षण किया और सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए।
पुलिस ने पुजारियों और मंदिर समितियों को सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने, मजबूत ताले लगाने, रात में अतिरिक्त गार्ड रखने और मंदिरों में बड़ी मात्र में नकदी या कीमती धातु न छोड़ने की सलाह दी है। अधिकारीयों का कहना है कि सुरक्षा केवल पुलिस का काम नहीं है, बल्कि समाज और मंदिर समुदाय की सतर्कता भी जरूरी है।



