बड़नगर बायपास पर अधूरा निर्माण बना मुसीबत, बारिश में जलभराव और कीचड़ से बढ़ा हादसों का खतरा

संगम चौराहे से तहसील चौराहे तक सड़क निर्माण अधूरा, दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान

बड़नगर। बड़नगर बायपास पर चल रहे सीसी फोरलेन सड़क निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। अधूरा निर्माण और बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव एवं कीचड़ की स्थिति बन गई है, जिससे रोजाना वाहन चालकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था नहीं सुधरी तो बड़ा हादसा हो सकता है।

ढोलाना रोड बरगाड़ी फंटा से तहसील चौराहे तक सड़क निर्माण कार्य जारी है, लेकिन कई हिस्सों में सड़क खोदकर अधूरी छोड़ दी गई है। बारिश शुरू होने के बाद इन स्थानों पर पानी भर गया है और सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। सबसे अधिक परेशानी संगम चौराहे से बस स्टैंड और तहसील चौराहे के बीच देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आदिनाथ कॉलोनी, व्यास कॉलोनी और बस स्टैंड की ओर जाने वाले मार्ग पर दोपहिया वाहन लगातार फिसल रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि कई ग्रामीण और क्षेत्रवासी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर लोगों से इस मार्ग पर सावधानी बरतने या वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील कर रहे हैं।

करीब 22.19 किलोमीटर लंबे शहरी टू-लेन हाईवे को सीसी फोरलेन में बदला जा रहा है। यह परियोजना पिछले करीब डेढ़ वर्ष से निर्माणाधीन है। पिछले मानसून में भी लोगों को इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार बारिश के साथ स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।

संगम चौराहे से गंधर्व तलाई और आगे तहसील चौराहे तक कई स्थानों पर सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। कहीं एक तरफ तो कहीं दोनों ओर निर्माण अधूरा है। पहले धूल, गिट्टी और गड्ढों से लोग परेशान थे, अब बारिश के बाद जलभराव और कीचड़ ने आवागमन को और अधिक जोखिमभरा बना दिया है। स्थानीय नागरिकों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग से जल्द कार्य पूरा कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button