मध्य प्रदेश में इसी महीने लागू होगी समान नागरिक संहिता, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर मुख्यमंत्री बोले- 'एक निशान, एक प्रधान, एक विधान' के संकल्प को आगे बढ़ा रहा है मध्य प्रदेश।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और समान नागरिक संहिता (UCC) का सांकेतिक ग्राफिक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की घोषणा की।

मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code – UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि प्रदेश में इसी महीने UCC लागू करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और उनके सपनों के अनुरूप है।

भोपाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश के लिए “एक निशान, एक प्रधान और एक विधान” की परिकल्पना की थी और मध्य प्रदेश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज़ी से विकास कर रहा है और मध्य प्रदेश भी हर क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार और सामाजिक समानता को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

सतगढ़ी इंडस्ट्रियल पार्क से बढ़ेगा निवेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल के सतगढ़ी में विकसित हो रहे विशाल स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का शुभारंभ भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर किया जा रहा है। यहां उद्योग, रोजगार, आवास और आधुनिक सुविधाओं का समग्र विकास किया जाएगा, जिससे राजधानी को औद्योगिक पहचान मिलेगी।

भोपाल बनेगा बड़ा कन्वेंशन हब

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल में विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। सतगढ़ी में बनने वाले सेंटर में 10 से 15 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के समीप भी आधुनिक कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा।

बेरोजगारी दर को लेकर भी किया दावा

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में मध्य प्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है जहां बेरोजगारी दर सबसे कम है। उन्होंने विश्वास जताया कि औद्योगिक निवेश और नई परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार बढ़ेंगे और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button