निनोरा तालाब में डूबे 15 वर्षीय बालक का शव बरामद, 10 घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
एसडीईआरएफ और होमगार्ड की दो टीमों ने डीप डाइविंग के जरिए की तलाश, गहरी जलराशि के बीच लगातार सर्चिंग के बाद मिली सफलता

उज्जैन, 5 अक्टूबर। निनोरा टोल टैक्स के समीप तालाब में डूबे 15 वर्षीय बालक का शव करीब 10 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया। एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीमों ने तालाब में लगातार सर्चिंग करते हुए बालक की तलाश की। मृतक की पहचान दीपक पिता मनोज राठौर, निवासी नवाखेड़ा के रूप में हुई है।
गाय चराने के दौरान तालाब में डूबा बालक
जानकारी के मुताबिक, 4 अक्टूबर को दीपक गाय चराने के लिए निनोरा तालाब क्षेत्र में गया था। इसी दौरान वह तालाब में डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर उज्जैन कंट्रोल रूम से होमगार्ड की छह सदस्यीय एसडीईआरएफ टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
छह घंटे की शुरुआती सर्चिंग में नहीं मिली सफलता
मौके पर पहुंची टीम ने गोताखोरी और बिलाई के जरिए करीब छह घंटे तक तालाब में तलाश की। हालांकि तालाब की गहराई करीब 60 से 70 फीट होने और बालक के डूबने की सटीक जगह स्पष्ट नहीं होने के कारण शुरुआती प्रयास में शव नहीं मिल सका।
दूसरी टीम को आधुनिक उपकरणों के साथ भेजा गया
इसके बाद डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीईआरएफ संतोष कुमार जाट के निर्देश पर छह सदस्यीय दूसरी टीम को आधुनिक आपदा राहत उपकरणों के साथ घटनास्थल पर भेजा गया। दोनों टीमों ने मिलकर संभावित डूब क्षेत्र में डीप डाइविंग सहित व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
लगातार कई घंटे की मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली और करीब 10 घंटे की संयुक्त सर्चिंग के बाद बालक का शव तालाब से बरामद कर लिया गया।
रेस्क्यू टीम के जवानों को किया पुरस्कृत
रेस्क्यू अभियान में शामिल जवानों के प्रयासों की सराहना करते हुए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीईआरएफ संतोष कुमार जाट ने टीम के सदस्यों को पुरस्कृत किया।



