बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल, सितंबर में दूसरी बार बंद रहेंगी बैंक शाखाएं

26-27 सितंबर सप्ताहांत और 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल के चलते लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित; 1 अक्टूबर को खुलेंगे बैंक

उज्जैन। बैंक कर्मचारियों की 5 डे वर्किंग की मांग को लेकर सितंबर में एक बार फिर देशव्यापी हड़ताल होने जा रही है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक कर्मचारी तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे।

इसके चलते उज्जैन सहित देशभर में बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने की संभावना है। हड़ताल से पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार का अवकाश रहेगा। इस तरह बैंकिंग गतिविधियां लगातार पांच दिन प्रभावित रहेंगी। बैंक 1 अक्टूबर को खुलेंगे, जबकि अगले दिन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के कारण फिर अवकाश रहेगा।

सितंबर में दूसरी बार बैंक हड़ताल

बैंक कर्मचारी इस महीने पहले भी एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर चुके हैं। 11 सितंबर को हुई हड़ताल के बाद अब 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित है।

यूनियन प्रतिनिधि विपिन सिंह सतोरिया के अनुसार, कर्मचारी लंबे समय से बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि RBI, LIC तथा केंद्र और राज्य सरकार के कई कार्यालयों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू है, जबकि बैंक कर्मचारियों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है।

उज्जैन में 4 हजार से अधिक कर्मचारियों के शामिल होने का दावा

यूनियन के मुताबिक उज्जैन में करीब 297 बैंक शाखाओं के 4 हजार से अधिक कर्मचारी हड़ताल में शामिल हो सकते हैं। आंदोलन के दौरान बैंक कर्मचारी टॉवर क्षेत्र से रैली निकालकर प्रदर्शन भी करेंगे।

यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को केंद्र सरकार और बैंक यूनियनों के बीच पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन उनके अनुसार इस संबंध में वित्त मंत्रालय की ओर से अभी तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

ग्राहकों से जरूरी काम पहले निपटाने की अपील

बैंक यूनियनों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे कर लें। हड़ताल के दौरान खासतौर पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित हो सकता है।

हालांकि, यूनियन प्रतिनिधियों के अनुसार डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेनदेन और ATM जैसी सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button