माधव महाविद्यालय के दीक्षारंभ समारोह में कुलगान का विमोचन, विद्यार्थियों से सिंहस्थ सेवा का आह्वान
डॉ. रवि सोलंकी बोले— माधव महाविद्यालय ने देश को दिए अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी, नियमित अध्ययन से ही सफलता संभव

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय माधव महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने महाविद्यालय के कुलगान का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि माधव महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभर में संस्थान का नाम रोशन किया है।
डॉ. सोलंकी ने अपने छात्र जीवन का स्मरण करते हुए बताया कि उन्होंने भी इसी महाविद्यालय में अध्ययन किया है। यह एक अनूठा शिक्षण संस्थान है, जिसकी ख्याति पूरे देश में है। इसी महाविद्यालय से सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की स्थापना भी हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने की सलाह देते हुए कहा कि जो नियमित आते हैं, उन्हें पढ़ाई का तनाव नहीं रहता। डॉ. सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से उज्जैन नगर का कायाकल्प हो रहा है। उन्होंने सभी छात्रों से आगामी सिंहस्थ पर्व में शामिल होकर अपनी सेवाएं देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह ने स्वागत भाषण दिया। समारोह के दौरान कवि अशोक भाटी द्वारा लिखित और गायक महेश मोयल द्वारा गाए गए माधव महाविद्यालय के कुलगान का विमोचन किया गया। डॉ. अल्पना उपाध्याय ने भी विद्यार्थियों को महाविद्यालय में नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित किया। सरस्वती वंदना नलिनी तिलकर ने प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रकोष्ठ प्रभारियों ने विद्यार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रीना अधव्र्यू ने किया।



