उज्जैन में रातभर झमाझम बारिश, 17 इंच के पार पहुंचा बारिश का आंकड़ा; तेज हवा से फ्रीगंज में पेड़ गिरा
शाम से शुरू हुई बारिश सुबह तक जारी रही, मौसम विभाग का येलो अलर्ट; जिलेभर में अच्छी वर्षा से बढ़ा शिप्रा का जलस्तर और किसानों में उत्साह।
उज्जैन। शहर और जिले में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार शाम से शुरू हुई बारिश का सिलसिला पूरी रात जारी रहा और बुधवार सुबह जाकर थमा। लगातार हुई वर्षा से मौसम सुहावना हो गया, वहीं शहर में अब तक कुल वर्षा का आंकड़ा 426 मिमी यानी 17 इंच से अधिक पहुंच गया है। तेज हवाओं के चलते फ्रीगंज क्षेत्र में एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दिनभर उमस और तेज धूप के बाद दोपहर में मौसम ने करवट ली और शाम होते-होते बादलों ने शहर को तरबतर कर दिया। रातभर रुक-रुक कर हुई बारिश के दौरान करीब 18 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है, जबकि तालाब और अन्य जल स्रोतों में भी पानी की अच्छी आवक हो रही है।
जीवाजी वेधशाला के अनुसार शहर में अब तक 426 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता 97 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे वातावरण में नमी बनी रही।
मौसम विभाग ने उज्जैन के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले दो से तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधियां फिलहाल जारी रहेंगी और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उधर जिले की सभी तहसीलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से खरीफ फसलों की बुवाई ने रफ्तार पकड़ ली है। किसानों का कहना है कि शुरुआती बारिश फसलों के लिए लाभकारी साबित हो रही है और यदि आगामी दिनों में भी ऐसा ही मौसम बना रहा तो कृषि उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है।



