बुधवारिया हाट में 3 माह में बनेगा हॉकर्स जोन, महापौर मुकेश टटवाल ने दिए सख्त निर्देश

जोन क्रमांक-2 की समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति पर हुई चर्चा, अधूरे कार्य जल्द पूरे करने और लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश।

उज्जैन। नगर निगम के जोन क्रमांक-2 अंतर्गत चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर मुकेश टटवाल ने अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विशेष रूप से बुधवारिया हाट बाजार में प्रस्तावित हॉकर्स जोन का निर्माण अगले तीन माह में पूरा करने पर जोर दिया, ताकि छोटे और फुटकर व्यापारियों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित व्यापारिक स्थल उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में जोन अध्यक्ष विजय सिंह कुशवाहा की मौजूदगी में वार्डों में संचालित सड़क निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद संबंधित ठेकेदारों ने काम शुरू नहीं किया है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किए जाएं। नोटिस के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं होने पर उनकी अमानत राशि राजसात करने की कार्रवाई की जाए।

महापौर ने अधिकारियों से कहा कि महापौर मद, निगम अध्यक्ष मद, पार्षद मद और निगम मद से स्वीकृत सभी लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही पिछले चार वर्षों में जोन अंतर्गत हुए विकास कार्यों और शेष परियोजनाओं का विस्तृत ब्यौरा भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए जहां आवश्यक हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराए जाएं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों को नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, जोनल अधिकारी सुनील जैन, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, उपयंत्री संगीता पंवार, साधना चौधरी, नरेश जैन, दीपेश जैन, सहायक संपत्ति कर अधिकारी भारत मालवीय सहित जोन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button