दादी के भरोसे को तोड़कर घर से उड़ाए जेवर, पुलिस जांच में सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई
लाखों के जेवर चोरी मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पूछताछ में सामने आई दूसरी चोरी की वारदात भी।

उज्जैन। पंवासा थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि महिला का नाबालिग पोता ही था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से घर में चोरी की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 28 जून को महिला घर में ताला लगाकर कुछ समय के लिए पास ही काम पर गई थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखी आभूषणों से भरी पेटी गायब थी। चोरी गए सामान में सोने और चांदी के कई कीमती आभूषण शामिल थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर महिला के नाबालिग पोते पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की पूरी साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों और एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। न्यायालय के आदेश पर दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है, वहीं गिरफ्तार युवक को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पार्षद के घर हुई चोरी का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पंवासा क्षेत्र में एक पार्षद के घर हुई चोरी की वारदात में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक उस घटना में नकदी और चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। दोनों मामलों में चोरी गया अधिकांश माल बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी के जेवर बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पंवासा थाना पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।



