उज्जैन में शाही मस्जिद के पास 500 मीटर तक बैरिकेडिंग, ड्रोन-CCTV से निगरानी, शांतिपूर्वक हुई जुमे की नमाज
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, RAF, STF और CRPF की तीन कंपनियां संभाल रहीं सुरक्षा; ड्रोन और CCTV से निगरानी

उज्जैन। शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान सोमवार को हुए उपद्रव के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी रखी जा रही है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर उज्जैन की विभिन्न मस्जिदों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कड़ी निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के बीच शहर में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
शाही मस्जिद के आसपास बैरिकेडिंग
शाही मस्जिद की ओर जाने वाले मार्गों पर पुलिस ने करीब 500 मीटर तक बैरिकेडिंग की थी। इस दायरे के आगे लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित रखी गई। सोमवार को पथराव की घटना वाले स्थान पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
गुदरी चौराहा और कंठाल क्षेत्र में भी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत गुदरी चौराहा, कंठाल, खारा कुआं थाना और गेबी हनुमान मंदिर क्षेत्र की ओर जाने वाले रास्तों पर भी लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई। संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए, जहां पुलिसकर्मी आने-जाने वालों पर नजर रख रहे थे।
RAF, STF और CRPF की तीन कंपनियां तैनात
एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कुल तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया है।
ड्रोन और CCTV कैमरों से निगरानी
संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए आठ ड्रोन और करीब 100 CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस की टीमें प्रमुख मार्गों और प्रभावित क्षेत्र के आसपास लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का ध्यान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने पर है।



