स्वच्छता पखवाड़ा-2026: शिप्रा के गऊ घाट पर चला विशेष सफाई अभियान
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने दिया स्वच्छता का संदेश, श्रद्धालुओं और दुकानदारों से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील

उज्जैन। स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के उपक्षेत्रीय कार्यालय, उज्जैन द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत शिप्रा नदी स्थित गऊ घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने घाट परिसर की सफाई कर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
यह अभियान भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के दौरान सहायक निदेशक सुश्री किरण ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है। उन्होंने गऊ घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास नियमित सफाई रखें और शिप्रा घाटों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।
स्वच्छता अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने घाट परिसर से कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी सुनील परिहार, अवनीश कुमार सिंह, गौरव पाठक, अजीत कुमार अवस्थी सहित कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी, सर्वे पर्यवेक्षक एवं सर्वे प्रगणकों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सहायक निदेशक ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।



