एशियन गेम्स में भारत के 6 मेडल, शूटिंग से आए 5 पदक; हिमांशु ने सिल्वर तो रुद्रांक्ष ने जीता ब्रॉन्ज

10 मीटर एयर राइफल में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन, सुचिका तरियाल ने MMA में कांस्य पदक अपने नाम किया

एशियन गेम्स 2026 में भारत का पदक अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। जापान के नागोया में जारी प्रतियोगिता में भारत के खाते में अब तक 6 पदक आ चुके हैं। इनमें अकेले शूटिंग से 5 पदक मिले हैं, जबकि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तरियाल ने कांस्य पदक हासिल किया है।

10 मीटर एयर राइफल में हिमांशु और रुद्रांक्ष ने जीते पदक

सोमवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के हिमांशु ढिल्लों ने 252.4 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता। वहीं रुद्रांक्ष पाटिल ने 230.9 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक के साथ गोल्ड जीता।

हिमांशु के लिए यह एशियन गेम्स का डेब्यू था। क्वालिफिकेशन में सातवें स्थान पर रहने के बाद उन्होंने फाइनल में अपने प्रदर्शन में सुधार किया और रजत पदक हासिल किया। रुद्रांक्ष मुकाबले के शुरुआती हिस्से में बढ़त पर थे, लेकिन बाद के शॉट्स में अंतर बढ़ गया और उन्हें ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा।

टीम इवेंट में भी भारत को सिल्वर

10 मीटर एयर राइफल के पुरुष टीम इवेंट में पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों की भारतीय टीम ने 1890.1 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया।

चीन की टीम 1899.9 अंक के साथ पहले और कोरिया 1884.2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही।

सुचिका तरियाल को MMA में कांस्य

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की महिला ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम कैटेगरी में सुचिका तरियाल ने भारत के लिए कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें सिंगापुर की हुई हून टियो ने 2-0 से हराया।

सेमीफाइनल में हार के बाद सुचिका को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। मुकाबले के नतीजे के बाद उन्होंने अंपायर्स के फैसले को चुनौती भी दी।

जूडो से MMA तक का सफर

सुचिका ने महज 12 साल की उम्र में जूडो शुरू किया था। वह आठ बार नेशनल चैंपियन रह चुकी हैं और 2019 कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियनशिप तथा साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड जीत चुकी हैं।

2024 जिउ-जित्सु वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया था। एशियन गेम्स के लिए जिउ-जित्सु टीम रद्द होने के बाद उन्होंने MMA का रुख किया। इसके बाद एशियन चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर दो ब्रॉन्ज मेडल जीते और फिर एशियन गेम्स की टीम में जगह बनाई।

रुद्रांक्ष पाटिल का शानदार रिकॉर्ड

रुद्रांक्ष पाटिल 10 मीटर एयर राइफल के अनुभवी भारतीय निशानेबाजों में शामिल हैं। 2022 काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में गोल्ड जीता था। व्यक्तिगत वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले वह अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय बने थे। इसी दौरान वह 10 मीटर एयर राइफल में वर्ल्ड नंबर-1 भी रहे।

पार्थ माने जूनियर वर्ल्ड चैंपियन

भारतीय टीम का हिस्सा रहे पार्थ राकेश माने ने 2024 में पेरू के लीमा में आयोजित ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर जूनियर वर्ल्ड टाइटल हासिल किया था। इसी वर्ष उन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप में सिल्वर और एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज भी जीता।

हिमांशु ढिल्लों का उभरता करियर

हिमांशु ढिल्लों ने 2025 ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज पदक जीता था। 2026 एशियन चैंपियनशिप में भी उनके खाते में दो गोल्ड रहे। इसके अलावा 2026 के म्यूनिख सीनियर वर्ल्ड कप में वह नौवें स्थान पर रहे और क्वालिफिकेशन में 635.7 अंक बनाए।

हॉकी और कबड्डी में भी भारत की जीत

भारत ने हॉकी में भी जीत का सिलसिला जारी रखा। भारतीय महिला टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था।

वहीं पुरुष कबड्डी टीम ने जापान को 49-24 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की।

टेबल टेनिस में पाकिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में भारत

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। ग्रुप-एफ में यह भारत की लगातार तीसरी जीत रही।

सुतीर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर भारत को क्लीन स्वीप दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button