सस्ते सोने का लालच पड़ा महंगा, गुजरात का 10 हजार का इनामी ठग उज्जैन पुलिस के शिकंजे में
ऑनलाइन और नकद भुगतान के जरिए लाखों की ठगी की साजिश नाकाम, फरार आरोपी को पाटन से गिरफ्तार कर लाई पुलिस

उज्जैन। सस्ते दामों में सोना दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गुजरात के एक इनामी आरोपी को उज्जैन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसे गुजरात के पाटन जिले से पकड़कर उज्जैन लाया है।
पुलिस के अनुसार सेठीनगर निवासी अजय जाधव की पहचान गुजरात के पाटन जिले के दादका निवासी सुरेश उर्फ राज जोशी से हुई थी। आरोपी ने खुद को सोना-चांदी का कारोबारी बताते हुए विश्वास में लिया और सस्ते दाम पर सोना उपलब्ध कराने का लालच देकर पीड़ित से करीब 2.18 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
इसके बाद 18 मई 2026 को आरोपी ने अपने साथी रोहित उर्फ अंकुर जोशी को लगभग 7.62 लाख रुपये लेने और सोने की डिलीवरी देने के बहाने उज्जैन भेजा। लेकिन पीड़ित को संदेह होने पर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी सुरेश गुजरात फरार हो गया था।
मोबाइल लोकेशन से मिली सफलता
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी माधवनगर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर गुजरात के पाटन में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सुरेश उर्फ राज जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने जारी की चेतावनी
उज्जैन पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सस्ते सोने, चांदी या अन्य कीमती सामान के नाम पर दिए जाने वाले किसी भी लालच में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना सत्यापन ऑनलाइन या नकद भुगतान करने से बचें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



