सिंहस्थ-2028: हरिफाटक रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, संभागायुक्त ने किया निरीक्षण

महाकाल मंदिर और सिंहस्थ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली परियोजना पर समयबद्ध कार्य पूरा करने पर जोर

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के उद्देश्य से शहर में चल रहे महत्वपूर्ण अधोसंरचना विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी कड़ी में संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने शुक्रवार को निर्माणाधीन हरिफाटक रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण कर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि हरिफाटक रेलवे ओवरब्रिज सिंहस्थ-2028 की प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है और इसका निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को अतिरिक्त संसाधन, मशीनरी और मानवबल बढ़ाकर कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने बताया कि यह ओवरब्रिज महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण यातायात मार्ग बनेगा। ब्रिज का चौड़ीकरण पूरा होने के बाद शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, वहीं सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप सोनी, संबंधित विभागों के अधिकारी, इंजीनियर एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी देते हुए तय समय में कार्य पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button