सिंहस्थ 2028 की तैयारियाँ तेज, कलेक्टर ने नवीन घाट निर्माण कार्य का किया स्थल निरीक्षण
जीवनखेड़ी क्षेत्र में 29 किमी लंबे घाट निर्माण की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर

उज्जैन, नप्र। उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ अब ज़मीन पर साफ दिखाई देने लगी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार को जीवनखेड़ी क्षेत्र में बन रहे नवीन घाटों का निरीक्षण किया। यह निर्माण कार्य लगभग 29 किलोमीटर से अधिक लंबाई में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आगामी सिंहस्थ में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रगतिरत कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर अर्थवर्क और जीएसबी लेयर की गुणवत्ता जांचने के लिए खुदाई करवाकर निर्माण सामग्री की स्थिति देखी। अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में की वॉल और टो वॉल का निर्माण कार्य जारी है। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन की कार्ययोजना तैयार की जाए और उसी आधार पर कार्य प्रगति सुनिश्चित की जाए।
जल संसाधन विभाग के सिंहस्थ अनुभाग के सभी 13 इंजीनियरों को अलग-अलग निर्माण स्थलों का रोजाना निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने विशेष रूप से समयसीमा और गुणवत्ता पर फोकस बनाए रखने को कहा, ताकि निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण हो सके।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



