महाकाल मंदिर की त्रिनेत्र परियोजना को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस गोल्ड अवॉर्ड, उज्जैन को मिली बड़ी उपलब्धि
जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने प्राप्त किया सम्मान, एआई आधारित निगरानी प्रणाली को मिली राष्ट्रीय पहचान

उज्जैन ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। जयपुर में आयोजित 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन में श्री महाकालेश्वर मंदिर में लागू किए गए एआई-आधारित एकीकृत निगरानी तंत्र त्रिनेत्र को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के अंतर्गत प्रतिष्ठित स्वर्ण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सम्मेलन का शुभारंभ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह द्वारा त्रिनेत्र परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में तथा राजस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा कलेक्टर श्री सिंह को यह स्वर्ण पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक, पलाश शर्मा, सचिन जैन एवं आईटी टीम उपस्थित रही।



