महाकाल की पहली सवारी से पहले पूरा होगा मार्ग चौड़ीकरण, कलेक्टर ने निर्माण कार्य तेज करने के दिए निर्देश
हरसिद्धि पाल से रामघाट तक 4.68 करोड़ की लागत से चल रहे प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण, श्रावण में श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता

श्रावण मास करीब है। श्रावण-भादौ मास में भगवान श्री महाकाल की सवारी निकाली जाएगी। सवारी मार्ग पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। इसे जल्द पूरा करने को लेकर रात-दिन काम किया जा रहा है। शनिवार को हरसिद्धि की पाल से रामघाट की ओर जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का अवलोकन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने किया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाबा महाकाल की सवारी के पहले रिटर्निग वॉल निर्माण कार्य पूरा करें। साथ ही दूसरी ओर से वॉल बनाने का कार्य शीघ्र पूर्ण कि
सिंहस्थ महापर्व के अंतर्गत मुख्य मार्ग हरसिद्धि पाल से रामघाट चौड़ीकरण कार्य 4 करोड़ 68 लाख की लागत से 15 मीटर चौड़ीकरण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि बंबई वालों की धर्मशाला की ओर रिटर्निग वॉल का निर्माण कार्य जारी है। कलेक्टर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाबा महाकाल की प्रथम सवारी के पूर्व हरसिध्दि पाल से रामघाट चौड़ीकरण कार्य में रिटर्निग वॉल का निर्माण शीघ्र पूर्ण करें। कार्य पूर्ण करने के लिए निगम इंजीनियर प्रतिदिन कार्य की मॉनिटरिंग करें। रामघाट पहुंच मार्ग के लिए श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग पर आवागमन बाधित न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
श्रावण में बढ़ जाएगी श्रद्धालुओं की संख्या
कलेक्टर ने कहा कि श्रावण महीने में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाएगी। महाकाल मंदिर के समीप होने से इस मार्ग में भीड़ रहेगी। श्रावण के पहले मार्ग निर्माण पूर्ण करने के लिए तेज गति से कार्य किया जाए। मार्ग के मलबे को हटाने के लिए संसाधन बढ़ाए जाएं। इसके बाद ढाबारोड़ से श्री सत्यनारायण मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा भी मौजूद रहे।



