लगातार बारिश से गंभीर डेम में बढ़ी जल आवक, दो दिन में 163 एमसीएफटी पानी बढ़ा

डेम का जलस्तर 641 एमसीएफटी पहुंचा, शहर की जलापूर्ति को मिली राहत; अच्छी बारिश जारी रही तो जल्द बढ़ेगा जल भंडारण

जिले में लगातार हो रही मानसूनी बारिश का सकारात्मक असर अब गंभीर डेम पर दिखाई देने लगा है। शहर की पेयजल आपूर्ति का प्रमुख स्रोत माने जाने वाले गंभीर डेम में बीते दो दिनों के दौरान 163 एमसीएफटी पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही डेम का जल भंडारण बढ़कर 641 एमसीएफटी तक पहुंच गया है, जिससे शहर की जलापूर्ति को लेकर राहत की स्थिति बनी है।

गर्मी के मौसम में गंभीर डेम का जलस्तर काफी कम हो गया था, जिसके चलते नर्मदा परियोजना से पानी छोड़कर डेम की आवश्यकता पूरी की गई थी। अब इंदौर और उज्जैन क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा के कारण डेम में प्राकृतिक रूप से पानी की आवक तेज हो गई है।

शुक्रवार को डेम में 146 एमसीएफटी पानी की आवक दर्ज की गई, जबकि शनिवार को इसमें 18 एमसीएफटी की अतिरिक्त बढ़ोतरी हुई। वर्तमान में डेम अपनी कुल क्षमता का लगभग 28 प्रतिशत भर चुका है। यदि जुलाई और अगस्त में बारिश का यही क्रम जारी रहा, तो जल भंडारण में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है।

गंभीर डेम की कुल संग्रहण क्षमता 2250 एमसीएफटी है, जबकि उज्जैन शहर की दैनिक पेयजल आवश्यकता लगभग 5 एमसीएफटी है। हर वर्ष इंदौर के यशवंत सागर के गेट खुलने के बाद गंभीर डेम तेजी से भरता है। इस बार भी अच्छी बारिश होने पर डेम के शीघ्र भरने की उम्मीद जताई जा रही है।

इधर, जीवाजी वेधशाला के अनुसार इस मानसून सीजन में उज्जैन शहर में अब तक 330 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। वहीं तराना, बड़नगर और महिदपुर सहित जिले की अन्य तहसीलों में भी सामान्य से अच्छी बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को भी शहर में तेज बारिश हुई, जबकि रविवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button