16वां पंडित ओम व्यास स्मृति समारोह 8 जुलाई को, प्रदीप नवीन और जुझार सिंह भाटी होंगे सम्मानित
राधा पार्क में होगा आयोजन, मालवी हास्य कविताओं की प्रस्तुति से गूंजेगा साहित्यिक मंच

उज्जैन, निप्र। हास्य और व्यंग्य साहित्य के लोकप्रिय हस्ताक्षर स्वर्गीय पंडित ओम व्यास ‘ओम’ की स्मृति में आयोजित होने वाला 16वां ओम व्यास स्मृति समारोह 8 जुलाई को उज्जैन में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर देश के दो प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष ‘ओम व्यास ओम स्मृति झालमुड़ी हास्य सम्मान’ इंदौर के प्रसिद्ध कवि प्रदीप नवीन को प्रदान किया जाएगा, जबकि ‘धुरंधर व्यंग्य अलंकरण’ से रतलाम के व्यंग्यकार जुझार सिंह भाटी को सम्मानित किया जाएगा।
समिति के संयोजक स्वामी मुस्कुराके शैलेंद्र व्यास एवं कवि सुरेंद्र सर्किट ने बताया कि समारोह बुधवार सुबह 9 बजे तरणताल स्थित राधा पार्क में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मालवी हास्य कविता की विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी। हास्य कवि कमल पटेल और संगीता तल्लेरा अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।
प्रेमचंद सृजन पीठ के निर्देशक मुकेश जोशी, अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि अशोक भाटी, दिनेश दिग्गज, प्रेम सिंह यादव और दिनेश दयावान ने साहित्य प्रेमियों और काव्य रसिकों से समारोह में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



