सिंहस्थ-2028: बारिश में निर्माण कार्यों पर सुरक्षा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, संभाग आयुक्त आशीष सिंह के सख्त निर्देश

समीक्षा बैठक में सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों की प्रगति पर हुई चर्चा, निर्माण एजेंसियों को बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश।

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर संभाग आयुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने मंगलवार को विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समय-सीमा और मानसून के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप सोनी, स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप शिवा  सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सिंहस्थ मेला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम और स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित सड़क चौड़ीकरण, नवीन मार्ग निर्माण तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों की विभागवार प्रगति का प्रस्तुतिकरण किया गया।

बैठक में आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दौरान सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। जहां आवश्यकता हो, वहां मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रमिकों, आम नागरिकों, राहगीरों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन किया जाए। निर्माण सामग्री की नियमित जांच, तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य निष्पादन तथा गुणवत्ता नियंत्रण की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि सिंहस्थ-2028 के सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे हो सकें।

बैठक के दौरान कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी सुरक्षा संबंधी आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक इंतजाम किए जाएं। उन्होंने परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button