आगर मालवा में 5100 डमरू आरती महोत्सव की तैयारियां तेज, हर घर तक पहुंचेगा डमरू
17 अगस्त को बैजनाथ महादेव मंदिर में होगा भव्य आयोजन, शिवसेना युवासेना ने नगर के 23 वार्डों में जनसंपर्क अभियान शुरू किया

आगर मालवा। आगामी 17 अगस्त को श्री बैजनाथ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले 5100 डमरू आरती एवं डमरू पूजन महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन की रूपरेखा और जनसंपर्क अभियान की जानकारी देने के लिए गुरुवार को शिवसेना युवासेना ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। संगठन ने इसे धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से एक ऐतिहासिक आयोजन बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर के चिंतामण गणेश मंदिर में भगवान गणेश के समक्ष प्रथम निमंत्रण अर्पित कर की गई। इसके बाद श्री बैजनाथ महादेव मंदिर में डमरू पूजन कर आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया गया और सफल आयोजन की कामना की गई।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शिवसेना मध्यप्रदेश के प्रदेश महासचिव सुनील वर्मा ने बताया कि आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नगर के सभी 23 वार्डों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को आमंत्रित करेंगे और प्रत्येक परिवार तक डमरू पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए वार्ड स्तर पर अलग-अलग टीमों का गठन किया जा रहा है। ये टीमें निमंत्रण वितरण, जनसंपर्क और आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन करेंगी।
आयोजन के लिए डॉ. बालचंद विश्वकर्मा को संरक्षक तथा महेंद्र माली को आयोजन संयोजक बनाया गया है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश मंत्री दिनेश मालवीय, उज्जैन संभाग अध्यक्ष देवकरण परमार, जिला प्रभारी मेहरबान सिंह पवार, जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह बगड़ावत, राहुल विश्वकर्मा, काजल बागड़े, माया ठाकुर, देव यादव, भारत जी सहित शिवसेना युवासेना के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शिवभक्त उपस्थित रहे।