सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का जमीनी जायजा, संभागायुक्त और कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की प्रगति परखी
शिप्रा नदी पुल, हरसिद्धि-रामघाट मार्ग चौड़ीकरण और फ्रीगंज ब्रिज का किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह तथा कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शहर में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत शिप्रा नदी पर निर्माणाधीन पुल से हुई, जहां सेतु निगम के अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया। संभागायुक्त ने परियोजना की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय के भीतर कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद अधिकारियों ने नगर निगम द्वारा हरसिद्धि की पाल से रामघाट तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस परियोजना के तहत रिटर्निंग वॉल एवं गेबियन वॉल का निर्माण कार्य जारी है। अधिकारियों ने निर्माण की गति बढ़ाने के साथ सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का भी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंतिम चरण में फ्रीगंज क्षेत्र में निर्माणाधीन ब्रिज का जायजा लिया गया। सेतु निगम के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेने के बाद संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ-2028 से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और शहरवासियों को बेहतर यातायात एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रशासन ने संबंधित एजेंसियों को नियमित मॉनिटरिंग के साथ कार्यों में तेजी लाने और किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।



