‘विक्रमोत्सव 2026’ को मिला प्रतिष्ठित बीटा गोल्ड अवॉर्ड, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान
‘गवर्नमेंट इवेंट ऑफ द ईयर’ श्रेणी में मिला गोल्ड अवॉर्ड, 139 दिवसीय आयोजन से 17.72 करोड़ से अधिक लोग डिजिटल माध्यम से जुड़े

उज्जैन। मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई दिलाने वाले ‘विक्रमोत्सव 2026’ को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक महोत्सव को प्रतिष्ठित बीटा गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान ‘गवर्नमेंट इवेंट ऑफ द ईयर’ श्रेणी में प्रदान किया गया है।
देहरादून में आयोजित ‘हिन्दुस्तान 2.0 नेशनल चिंतन शिविर एवं एक्सपो’ के दौरान इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्री द्वारा यह सम्मान घोषित किया गया। पुरस्कार देने वाली संस्था की टीम शीघ्र ही भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को यह सम्मान औपचारिक रूप से प्रदान करेगी।
वर्ष 2026 का तीसरा बड़ा सम्मान
विक्रमोत्सव 2026 के लिए यह वर्ष का तीसरा राष्ट्रीय सम्मान है। इससे पहले नई दिल्ली में आयोजित ‘शो ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव 2026’ में भी इस आयोजन को दो प्रमुख पुरस्कार प्राप्त हुए थे। इनमें ‘सांस्कृतिक लाइव इवेंट ऑफ द ईयर’ श्रेणी का गोल्ड अवॉर्ड और ‘सर्वश्रेष्ठ शासकीय सहभागिता’ के लिए सिल्वर अवॉर्ड शामिल हैं।
139 दिनों तक चला सांस्कृतिक महापर्व
विक्रमोत्सव 2026 का आयोजन लगातार 139 दिनों तक चला, जिसमें देशभर के कलाकारों, विद्वानों, सांस्कृतिक संस्थाओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी रही। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस आयोजन से 17.72 करोड़ से अधिक लोगों ने जुड़कर भारतीय संस्कृति और उज्जैन की विरासत का अनुभव किया।
‘विरासत से विकास’ की सोच को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत से विकास’ के संकल्प को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा रही है। उज्जैन से शुरू हुआ विक्रमोत्सव अब राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति, इतिहास और परंपरा का प्रमुख आयोजन बन चुका है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल मध्य प्रदेश बल्कि उज्जैन की सांस्कृतिक पहचान को भी नई प्रतिष्ठा प्रदान करेगा और भविष्य के सरकारी आयोजनों के लिए एक नया मानक स्थापित करेगा।



