महाकाल की भस्म आरती में पहुंचे ‘रक्तांचल-3’ के कलाकार
अभिनेता निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा ने किए महाकाल के दर्शन, नंदी महाराज के कान में कही मनोकामना

उज्जैन, 22 जुलाई 2026। वेब सीरीज ‘रक्तांचल-3’ से जुड़े कलाकार बुधवार सुबह विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। अभिनेता निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा ने भगवान महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए।
भस्म आरती के दौरान दोनों कलाकार भगवान महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए। आरती के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की और भगवान महाकाल से अपने आगामी कार्यों की सफलता एवं सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
कलाकारों ने नंदी महाराज का पूजन भी किया। धार्मिक परंपरा के अनुसार उन्होंने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना कही। महाकाल मंदिर के आध्यात्मिक वातावरण और भस्म आरती की दिव्यता से दोनों कलाकार काफी प्रभावित नजर आए।
उल्लेखनीय है कि महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन होने वाली भस्म आरती में शामिल होने के लिए देशभर से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। फिल्म और टेलीविजन जगत से जुड़े कलाकार भी समय-समय पर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने मंदिर आते रहते हैं।



