महाकाल की पहली सवारी से पहले मार्ग का पैदल निरीक्षण, अधूरे कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
3 अगस्त को नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान महाकाल, जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

उज्जैन। श्रावण मास में 3 अगस्त को निकलने वाली भगवान महाकाल की प्रथम सवारी को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने महाकालेश्वर मंदिर से सवारी मार्ग का पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा शामिल रहे। दल ने मंदिर क्षेत्र से सवारी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए सड़क चौड़ीकरण, यातायात व्यवस्था, पैदल आवागमन और विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति देखी।
प्रथम सवारी से पहले काम पूरा करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सवारी मार्ग पर चल रहे अधूरे निर्माण कार्य और जरूरी व्यवस्थाएं प्रथम सवारी से पहले पूर्ण कर ली जाएं। मार्ग पर निर्माण सामग्री, गड्ढों या अन्य अवरोधों के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सवारी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए मार्ग पर मौजूद रहते हैं। ऐसे में पैदल चलने के लिए पर्याप्त स्थान, सुगम यातायात, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
दिन-रात जारी हैं चौड़ीकरण के कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर महाकाल सवारी मार्ग के साथ शहर के प्रमुख आंतरिक मार्गों का भी चौड़ीकरण और विकास किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर निर्माण कार्य दिन-रात चल रहे हैं।
निरीक्षण दल ने कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने के साथ निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि सवारी निकलने से पहले मार्ग का दोबारा परीक्षण कर सभी आवश्यक सुधार कर लिए जाएं।
व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा कर रहा प्रशासन
जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा पेयजल, सफाई, प्रकाश, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी काम किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अब तक हुए कार्यों पर संतोष जताया और शेष तैयारियों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एमआईसी सदस्य रजत मेहता, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, मनोज मौर्य, सहायक आयुक्त घनश्याम मचार, राघवेंद्र सिंह पालिया, अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय सहित कार्यपालन यंत्री, जोनल अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



