उज्जैन में जर्जर भवन पर चला निगम का बुलडोजर, ओखलेश्वर श्मशान घाट मार्ग पर की गई कार्रवाई
बारिश के मौसम से पहले नगर निगम सख्त, खतरनाक भवनों का सर्वे कर समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश।

शहर में बारिश के मौसम के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के उद्देश्य से नगर निगम ने जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को वार्ड क्रमांक 2, जोन-1 अंतर्गत ओखलेश्वर श्मशान घाट मार्ग पर स्थित एक अत्यंत जर्जर भवन को नगर निगम की टीम ने ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह भवन सर्वे क्रमांक 379 के भाग में स्थित था और इसका स्वामित्व रामप्रसाद पिता मदनलाल चौहान के नाम दर्ज है। भवन की स्थिति काफी जर्जर होने के कारण आसपास के लोगों की सुरक्षा को देखते हुए निगम ने पहले भवन स्वामी को नोटिस जारी कर स्वयं भवन हटाने के निर्देश दिए थे।
निर्धारित समय सीमा में भवन नहीं हटाए जाने पर नगर निगम ने पोकलेन मशीन की सहायता से भवन को नियंत्रित तरीके से गिराने की कार्रवाई की। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे आसपास के रहवासियों और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
यह कार्रवाई जोनल अधिकारी श्यामसुंदर शर्मा और भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता की मौजूदगी में संपन्न हुई।
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्षा ऋतु के मद्देनजर अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित जर्जर एवं गिराऊ भवनों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित किया जाए। साथ ही भवन मालिकों को नोटिस जारी कर आवश्यकतानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।



