महाकाल सवारी मार्ग के सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे हों, निगम आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

सीवरेज और सड़क चौड़ीकरण कार्य 10 जुलाई तक पूरा करने के आदेश, सफाई में लापरवाही मिलने पर स्वास्थ्य अधिकारी और निरीक्षक का वेतन काटने के निर्देश

उज्जैन। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बाबा महाकाल की सवारी के मुख्य मार्ग हरसिद्धि पाल से रामघाट, रामानुजकोट से गणगौर दरवाजा तक टाटा कंपनी के सीवरेज कार्य, वार्ड 22 की सफाई व्यवस्था तथा सत्यनारायण मंदिर से छत्री चौक तक चल रहे सडक़ चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।

महाकाल सवारी मार्ग पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने हरसिद्धि पाल से रामघाट मार्ग पर निर्माणाधीन रिटर्निंग वॉल का अवलोकन कर संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि बाबा महाकाल की सवारी के मुख्य मार्ग पर सभी कार्य पूर्ण गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में शीघ्र पूर्ण किए जाएं। रामानुजकोट से गणगौर दरवाजा तक टाटा कंपनी द्वारा किए जा रहे सीवरेज कार्य का

निरीक्षण करते हुए श्री मिश्रा ने टाटा कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि अतिरिक्त श्रमिक एवं संसाधन लगाकर पाइपलाइन बिछाने का कार्य तथा उसके बाद सीमेंट कांक्रीट सडक़ का निर्माण 10 जुलाई तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाबा महाकाल की सवारी के मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सुनहरी घाट से गणगौर दरवाजा तक सभी लंबित कार्य को शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
सफाई व्यवस्था ठीक नहीं, वेतन कटेगा
वार्ड  22 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निगम आयुक्त ने योगमाया मंदिर से कार्तिक चौक एवं सत्यनारायण मंदिर क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। योगमाया मंदिर के समीप सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर स्वास्थ्य निरीक्षक एवं स्वास्थ्य अधिकारी का वेतन काटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय, सहायक यंत्री साहिल मैदावाला एवं टाटा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button