जेपी नड्डा से मिला CJP का प्रतिनिधिमंडल, तीन प्रमुख मांगों पर सरकार से की हस्तक्षेप की अपील
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, प्रभावित परिवारों को मुआवजा और सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर लौटाने की मांग; सरकार ने वार्ता जारी रखने का दिया आश्वासन।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी तीन प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल रहे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। इसके साथ ही आत्महत्या करने वाले विद्यार्थियों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने तथा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुनः जंतर-मंतर लाकर उनका अनशन समाप्त कराने की मांग भी रखी गई।
बैठक के बाद सौरव दास ने बताया कि सरकार ने उनकी मांगों पर उचित स्तर पर चर्चा करने का भरोसा दिया है। हालांकि अभी किसी मांग पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उधर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी प्रतिनिधिमंडल से हुई चर्चा की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन समाप्त करने की अपील भी की।
इस बीच प्रशासन ने जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।



