कबीर प्राकट्य दिवस पर निकली शोभायात्रा, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कोली कोठार समाज पंचायत के आयोजन में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, समाजजनों ने संत कबीर के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

उज्जैन, निप्र। सद्गुरु कबीर साहब के प्राकट्य दिवस के अवसर पर कोली कोठार समाज पंचायत द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका समापन डॉक्टर राजेंद्र जैन सभागृह, क्षीरसागर में हुआ। समापन समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समाज के पदाधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. बाबूलाल पंवार की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान का विशेष आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कोली समाज के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण पंवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजाक्स के पूर्व जिलाध्यक्ष अनोखीलाल भारती ने की। इस अवसर पर राजेश शाक्य, प्रकाश पंथी, किशोरीलाल सूर्यवंशी, हेमंत पंवार, डॉ. सुशील पंवार, एसडीओ वीरसिंह शाक्य, हरिनारायण चौहान, मांगीलाल चौहान, रामप्रसाद खींची, गेंदालाल चौहान, शिवनारायण सोलंकी एवं चतुर्भुज भाटिया सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र भाटिया ने किया तथा आभार अनिल पंवार ने व्यक्त किया।



