रामघाट मार्ग चौड़ीकरण की प्रगति पर कलेक्टर की नजर, रात में किया औचक निरीक्षण

रामघाट मार्ग चौड़ीकरण में रिटर्निंग वॉल और गैबियन वॉल का कार्य चार दिन में पूरा करने के निर्देश, महाकाल की पहली सवारी से पहले कार्य पूर्ण करने पर जोर

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार देर रात निर्माणाधीन कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने हरसिद्धि की पाल से रामघाट तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य और ढाबा रोड से श्री सत्यनारायण मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रामघाट मार्ग पर बन रही रिटर्निंग वॉल और गैबियन वॉल का कार्य अगले चार दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की पहली शाही सवारी से पहले इस मार्ग का निर्माण हर हाल में पूरा होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य दिन और रात दोनों समय जारी रखा जाए तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी लगातार मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी करें। उन्होंने निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के भी निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने गोपाल मंदिर से ढाबा रोड होते हुए श्री सत्यनारायण मंदिर तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग पर दोनों ओर नालियों का निर्माण, विद्युत पोल और स्ट्रीट लाइट से जुड़े कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अतिरिक्त श्रमिक लगाकर निर्माण कार्य की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि सवारी मार्ग होने के कारण नालियों को पूरी तरह ढंकने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन के आवागमन में कोई बाधा न आए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सभी प्रमुख मार्गों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, जिससे महाकाल की सवारी के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button