उज्जैन में छात्रा के अपहरण मामले में आया नया मोड़, वीडियो में बोली- अपनी मर्जी से गई हूं

घर के बाहर से छात्रा को कार में ले जाने का CCTV सामने आया था, पिता की शिकायत पर केस दर्ज; अब छात्रा और युवक ने शादी करने का दावा किया

उज्जैन। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के गौतम मार्ग-काजीपुरा इलाके में 19 वर्षीय छात्रा के कथित अपहरण के मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया। छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रस्सी गली निवासी ध्रुव कुमावत सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर छात्रा और संदिग्ध युवक की तलाश कर रही थी।

इसी बीच छात्रा और युवक ध्रुव का एक वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों ने छात्रा के अपनी इच्छा से उसके साथ जाने की बात कही है। वीडियो में दोनों ने शादी करने का दावा भी किया और परिवार के लोगों से किसी तरह का दबाव नहीं बनाने की अपील की।

वीडियो में छात्रा ने क्या कहा?

सामने आए वीडियो में छात्रा का कहना है कि वह अपनी मर्जी से कार में बैठी थी। उसके मुताबिक, जब उसकी बहन ने उसका हाथ पकड़ लिया था, तब ध्रुव ने उसे खींचकर कार में बैठाया। युवक ने भी वीडियो में छात्रा के साथ अपनी इच्छा से जाने और उससे शादी करने की बात कही।

दोनों ने परिवार वालों से अपील की कि उन पर किसी तरह का दबाव न बनाया जाए। वीडियो में यह भी कहा गया कि उन्होंने शादी कर ली है और दो-चार दिन में खुद वापस आने की बात कही गई है। युवक ने दावा किया कि वह छात्रा से करीब चार साल से बातचीत कर रहा था।

 

घर के बाहर से कार में ले जाने का CCTV

घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छात्रा घर के बाहर बैठी थी, तभी बिना नंबर की कार में आए दो-तीन युवक उसे कार में बैठाकर वहां से ले गए। यह पूरा घटनाक्रम आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था।

इसके बाद छात्रा के पिता रईस खान ने पुलिस को सूचना दी। रईस खान यातायात थाने में अटैच नगर निगम की क्रेन के ड्राइवर बताए गए हैं। उन्होंने ध्रुव पर संदेह जताते हुए पुलिस को बताया था कि वह अक्सर उसके घर के पास स्थित किराना दुकान पर आता-जाता था।

 

CCTV और वीडियो बयानों का पुलिस कर रही मिलान

शिकायत के बाद पुलिस ने ध्रुव सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब छात्रा और युवक का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस CCTV फुटेज, वीडियो और दूसरे साक्ष्यों का मिलान कर रही है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि घटनाक्रम वास्तव में किस तरह हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button