उज्जैन में श्रावण कला उत्सव की धूम, 9 अगस्त को महाकाल मंदिर परिसर में गूंजेगी B Praak की सुरमयी प्रस्तुति
श्रावण मास में महाकाल भक्तों को मिलेगा संगीत और भक्ति का संगम, पवन तिवारी एवं साथी भी देंगे प्रस्तुति

उज्जैन। भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले ‘श्रावण कला उत्सव’ में इस बार प्रसिद्ध बॉलीवुड एवं भक्ति गायक बी प्राक (B Praak) अपनी आवाज़ का जादू बिखेरेंगे। यह भव्य सांस्कृतिक आयोजन 9 अगस्त 2026, रविवार शाम 7 बजे से शक्तिपथ (त्रिवेणी संग्रहालय के सामने), श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित होगा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति एवं मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रावण मास की आध्यात्मिक गरिमा को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं तक पहुंचाना है। आयोजन में बी प्राक भगवान शिव की भक्ति से जुड़े गीतों और अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों से भक्तों को एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में पवन तिवारी एवं साथी, निवाड़ी भी अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से माहौल को शिवमय बनाएंगे। आयोजकों के अनुसार यह संध्या संगीत, श्रद्धा और संस्कृति का अनूठा संगम होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।
श्रावण मास के दौरान महाकाल मंदिर में प्रतिदिन देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में यह आयोजन धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर भगवान महाकाल की भक्ति और संगीत की इस अनुपम संध्या का हिस्सा बनने की अपील की है। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।



