महापौर मुकेश टटवाल खुद उतरे सड़क पर, माइक से की अतिक्रमण हटाने की अपील
सिंहस्थ-2028 और सुगम यातायात को लेकर व्यापारियों को चेतावनी, दुकान सीमा से बाहर रखा सामान हटाने के दिए निर्देश

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने को लेकर विशेष जनजागरण अभियान शुरू किया है। सोमवार को महापौर मुकेश टटवाल स्वयं नगर निगम के रिमूवल वाहन पर माइक लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचे और व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की।
महापौर ने कंठाल चौराहा, नई सड़क, एटलस चौराहा, फव्वारा चौक और इंदौर गेट सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में मुनादी कर दुकानदारों से कहा कि वे अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान तत्काल हटाएं और निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार संचालित करें। उन्होंने कहा कि शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्यों के कारण कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है, ऐसे में सड़क पर रखा सामान आमजन और वाहनों की आवाजाही में बाधा बन रहा है।
महापौर ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय के बाद भी दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो नगर निगम द्वारा सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब्त किए गए सामान को वापस नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शहरवासी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिए सड़क चौड़ीकरण में सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अपने भवनों का हिस्सा हटाकर प्रशासन का साथ दे रहे हैं, उसी प्रकार व्यापारियों को भी शहर हित में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। दुकानों की निर्धारित सीमा में व्यापार करने से यातायात सुचारु रहेगा और शहर अधिक व्यवस्थित एवं सुंदर दिखाई देगा।
इस अभियान के दौरान एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण चौहान तथा सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया सहित नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अमला भी मौजूद रहा।



