उज्जैन स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों की सीईओ ने की समीक्षा, गुणवत्ता में कमी पर दिए सुधार के निर्देश

झालरिया मठ और करकराज पार्किंग का किया निरीक्षण, धीमे काम पर निर्माण एजेंसी को रफ्तार बढ़ाने के निर्देश

उज्जैन, 6 अक्टूबर 2026। उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नेहा जैन ने मंगलवार को शहर में चल रहे स्मार्ट सिटी के विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मेला कार्यालय में अभियंताओं के साथ बैठक के बाद उन्होंने झालरिया मठ और करकराज पार्किंग पहुंचकर मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समय-सीमा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

झालरिया मठ में निरीक्षण के दौरान कोबल स्टोन से किए जा रहे फर्श निर्माण का जायजा लिया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर फर्श का स्तर समान नहीं पाया गया। साथ ही निर्धारित कार्य के अनुरूप निर्माण में भी सुधार की आवश्यकता सामने आई। इस पर डॉ. नेहा जैन ने संबंधित निर्माण एजेंसी को कमियों को दूर करने के निर्देश दिए और सभी सुधार कार्य 15 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा।

धीमी प्रगति पर एजेंसी को फटकार, मैनपावर बढ़ाने के निर्देश

डॉ. जैन ने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से अब तक हुए कार्य और बाकी बचे काम की जानकारी ली। झालरिया मठ परियोजना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी श्री निवासा पावर सॉल्यूशन को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में श्रमिक एवं अन्य आवश्यक मैनपावर उपलब्ध कराकर कार्य को तय समयावधि में पूरा करने पर जोर दिया।

करकराज पार्किंग में बाउंड्री वॉल की सीमा जल्द तय करने के निर्देश

इसके बाद स्मार्ट सिटी सीईओ ने करकराज पार्किंग में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। डॉ. नेहा जैन ने उज्जैन विकास प्राधिकरण के साथ समन्वय कर बाउंड्री वॉल की सीमा का जल्द निर्धारण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सीमा निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होते ही बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए। इस संबंध में सहायक यंत्री श्री अजय यादव सहित संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समय-सीमा और गुणवत्ता पर विशेष जोर

निरीक्षण के अंत में डॉ. नेहा जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रहे सभी लंबित निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण के प्रत्येक चरण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने और कार्यों की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तकनीकी टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button