भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की संभागीय बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर मंथन
उज्जैन में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं हर परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की उज्जैन-मंदसौर संभागीय बैठक शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय, उज्जैन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता अभियान तथा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए सरकार लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे इन योजनाओं और संगठन की विचारधारा को प्रत्येक परिवार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार ने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा संगठन की महत्वपूर्ण ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच सक्रिय रहकर केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक समरसता, सेवा और संगठन की मजबूती को प्राथमिकता बताते हुए आगामी कार्यक्रमों को पूरी ऊर्जा के साथ सफल बनाने की बात कही।
बैठक में राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, भाजपा नगर जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल जाटवा तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सूरज केंरो ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन सत्यनारायण खोईवाल ने किया, जबकि आभार शैलेश गिरजे ने व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।



