खेत में पवन चक्की का पोल लगाने पर बवाल, भील परिवार पर फावड़े-दरांती से हमला
बड़नगर के ग्राम अमला में खेत में पोल लगाने को लेकर बढ़ा विवाद, फावड़े और दरांती से हमले का आरोप; गंभीर घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

उज्जैन। जिले के बड़नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अमला में पवन चक्की के सपोर्टिंग पोल लगाने को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक भील परिवार की दो महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए उज्जैन के जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अमला निवासी भैरूलाल भील अपनी पत्नी तेजुबाई और बहू रेखाबाई के साथ खेत पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत में पवन चक्की के लिए सपोर्टिंग वायर का पोल लगाने का कार्य चल रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी पक्ष के साथ विवाद उत्पन्न हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान शंकरलाल यादव और हरिओम यादव मौके पर पहुंचे और पोल लगाने का विरोध करते हुए कहासुनी करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया।
शिकायत के अनुसार, शंकरलाल यादव ने फावड़े से रेखाबाई पर हमला किया, जबकि हरिओम यादव ने दरांती से तेजुबाई पर वार किया। हमले में तेजुबाई की आंख के समीप, हाथ और सीने पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे भैरूलाल के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी पक्ष वहां से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
घायलों को पहले बड़नगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तेजुबाई को उज्जैन के चरक भवन स्थित जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के बाद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



