टीएल और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में लापरवाही पर सख्ती, निगम आयुक्त ने वेतन रोकने की दी चेतावनी
समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अभिलाष मिश्रा के निर्देश, शिकायतों का प्रतिदिन रिव्यू कर समयबद्ध निराकरण करें, 10 लाख पौधारोपण अभियान और वर्षा सुरक्षा तैयारियों की भी हुई समीक्षा।

उज्जैन। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि टीएल (समयावधि पत्र) और सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का प्रतिदिन समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, समग्र सेल, ई-केवाईसी, ई-ऑफिस, ई-नगरपालिका, अमृत हरित महाअभियान, राजस्व, गिराऊ भवन और बाढ़ आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
हर सोमवार होगी प्रकरणों की समीक्षा
निगम आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली समीक्षा बैठक से पहले सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग के टीएल प्रकरणों की नियमित निगरानी करे और कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरते।
ई-ऑफिस प्रणाली को 100 प्रतिशत लागू करने के निर्देश
बैठक में आयुक्त ने निगम के सभी कार्यों को पूरी तरह ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालित करने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति लाई जा सके।
10 लाख पौधारोपण अभियान पर विशेष जोर
अमृत हरित महाअभियान की समीक्षा करते हुए अभिलाष मिश्रा ने निर्धारित समय में 10 लाख से अधिक पौधे लगाने के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ क्षेत्र सहित चिन्हित स्थानों पर गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण किया जाए, सभी पौधों की जियो टैगिंग कर ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर दर्ज किया जाए और सामाजिक संस्थाओं एवं पर्यावरण प्रेमियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।
बारिश के मौसम में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
वर्षाकाल को देखते हुए नगर निगम आयुक्त ने सभी पुल-पुलियों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेतक और रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर आयुक्त संतोष टैगोर, पवन कुमार सिंह, पुनीत शुक्ला, योगेंद्र सिंह पटेल, उपायुक्त मनोज मौर्य, संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, जोनल अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



