डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर निगम सख्त, चालक-हेल्परों को नागरिकों से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश

नगर निगम की समीक्षा बैठक में चालक, हेल्पर और सुपरवाइजरों को नागरिकों से शालीन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने, गीला-सूखा कचरा अलग एकत्रित कराने और निर्धारित रूट व समय के अनुसार कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम उज्जैन ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से जुड़े चालक, हेल्पर और सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने समीक्षा बैठक आयोजित कर कर्मचारियों को नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण और विनम्र व्यवहार बनाए रखने की सलाह दी।

बैठक में अपर आयुक्त ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से जुड़े कर्मचारी नगर निगम का प्रत्यक्ष चेहरा हैं। इसलिए उनका व्यवहार, अनुशासन और कार्यशैली नगर निगम की छवि को प्रभावित करती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड में कार्य करने और नागरिकों को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि सभी कचरा संग्रहण वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिससे उनकी लगातार निगरानी की जाती है। ऐसे में सभी वाहन निर्धारित समय और तय रूट के अनुसार ही संचालित किए जाएं। साथ ही व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन कचरा संग्रहण भी शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वाहनों के नियमित रखरखाव, समय-समय पर सर्विसिंग और वर्कशॉप परिसर में ही वाहनों को खड़ा करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त वाहन चालकों की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि किसी भी परिस्थिति में कचरा संग्रहण कार्य प्रभावित न हो।

अपर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखी जाए। उन्होंने बताया कि चालक एवं हेल्परों के व्यवहार और कार्यकुशलता में सकारात्मक सुधार लाने के लिए इस प्रकार की कार्यशाला प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी।

बैठक में कार्यपालन यंत्री (वर्कशॉप) जगदीश मालवीय, वर्कशॉप प्रभारी कृष्णा भूरिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button