उज्जैन में लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी,किनारे खड़ी कार क्षतिग्रस्त
नागझिरी में सेफिक पाइप फैक्ट्री के पास हादसा; कोई जनहानि नहीं, पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में हुआ समझौता

उज्जैन। नागझिरी थाना क्षेत्र में बुधवार को लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार ट्रॉली की चपेट में आ गई, जिससे उसका कांच टूट गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी को चोट नहीं आई।
सेफिक पाइप फैक्ट्री के पास पलटी ट्रॉली
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी के पटिए और तराफे लदे हुए थे। वाहन नागझिरी क्षेत्र में सेफिक पाइप फैक्ट्री के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई।
ट्रॉली के पलटते ही उसमें लदी लकड़ी सड़क पर बिखर गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
चपेट में आई कार, टूटा कांच
ट्रॉली पलटने के दौरान पास में खड़ी एक कार उसकी चपेट में आ गई। इससे कार का कांच टूट गया और वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलने पर नागझिरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस की मौजूदगी में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक और कार मालिक के बीच बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से नुकसान को लेकर मामला सुलझा लिया।
पुलिस ने बताया-कोई शिकायत दर्ज नहीं
नागझिरी थाना प्रभारी कमल निगवाल के मुताबिक सेफिक पाइप फैक्ट्री के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की सूचना मिली थी। दुर्घटना में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। ट्रॉली की चपेट में आने से कार के कांच को नुकसान हुआ था। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता होने के कारण थाने में किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।



